स्काउट-गाइड शिविर : गांठों से लेकर बिना बर्तन खाना बनाने तक सीखे हुनर,
पौड़ी गढ़वाल, 09 अगस्त (हि.स.)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय भारत स्काउट एंड गाइड शिविर रविवार को संपन्न हो गया। शिविर में 30 छात्र-छात्राओं ने अनुशासन, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण लिया। प्रथम और द्वितीय सोपान के प्रतिभागियों ने मैदानी परिस्थितियों में बिना बर्तन भोजन तैयार करने से लेकर विभिन्न प्रकार की गांठें लगाने और पायनियरिंग की तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास किया।
शिविर का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या अनिता बिष्ट ने किया। पहले दिन प्रार्थना, झंडा गीत और प्रतिज्ञा के साथ प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। स्काउट मास्टर नरेंद्र बिष्ट ने छात्र-छात्राओं को भारत स्काउट एंड गाइड के इतिहास और लॉग बुक तैयार करने की जानकारी दी। स्काउट मास्टर नरेश ने संगठन के आदर्श वाक्य और प्रतीक चिह्नों से परिचित कराया।
स्काउट मास्टर कैलाश और प्रभारी स्काउट मास्टर अनिल कुमार ने छात्र-छात्राओं को बिना बर्तन मैदानी परिस्थितियों में भोजन तैयार करने का प्रशिक्षण दिया। फ्लॉक लीडर शिवानी शर्मा के निर्देशन में कब-बुलबुल की गतिविधियां संचालित की गईं। इस दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से मंत्रोच्चार के साथ भोजन किया। इसके बाद खेलकूद और विभिन्न शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से टीम भावना और अनुशासन का अभ्यास कराया गया।
शिविर के दूसरे दिन गाइड कैप्टन मोनिका जोशी और मंजू के निर्देशन में नोटिंग एवं पायनियरिंग का प्रशिक्षण दिया गया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की गांठें लगाने के साथ पायनियरिंग की तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सहयोग, अनुशासन और आत्मनिर्भरता के साथ परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने तथा नेतृत्व करने के गुर भी सिखाए गए।
शिविर के समापन पर प्रतिभागियों ने सीखी गई गतिविधियों का अभ्यास करते हुए प्रशिक्षण को व्यवहारिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

