जहरीली घास चरने से दो मवेशियों की मौत,कई की हालत नाजुक

WhatsApp Channel Join Now
जहरीली घास चरने से दो मवेशियों की मौत,कई की हालत नाजुक


हरिद्वार, 06 जुलाई (हि.स.)। धनौरी क्षेत्र में पुरानी गंगनहर किनारे जहरीली घास (चारा) चरने से दो मवेशियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मवेशियों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से पशुपालकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बीमार पशुओं का उपचार शुरू किया।

धनौरी निवासी रितिक सहित अन्य पशुपालक सोमवार को अपने मवेशियों को चराने के लिए पुरानी गंगनहर किनारे ले गए थे। चराई के दौरान मवेशियों ने जैसे ही वहां उगी घास खाई, कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कई मवेशी अचानक गंगनहर की ओर दौड़ पड़े, जबकि कुछ जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। यह दृश्य देखकर पशुपालकों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना तुरंत पशु चिकित्सा विभाग को दी गई, लेकिन चिकित्सकों के पहुंचने से पहले ही दो मवेशियों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद विभाग की टीम ने अन्य प्रभावित पशुओं का इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार कई मवेशियों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जहरीली घास के कारणों का पता लगाने और प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story