ट्रक-पिकअप की टक्कर में पिकअप चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 01 मई (हि.स.)। जनपद टिहरी के देवप्रयाग के पास ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के भल्ले गांव मोड़ पर एक ट्रक व पिकअप की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में पिकअप चालक सीट पर बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची देवप्रयाग थाना पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।

कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि, शुक्रवार तड़के पौने चार बजे भल्ले गांव में बल्कर ट्रक व पिकअप में आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। जिसमें पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते पिकअप चालक 50 वर्षीय वकील पुत्र मो. उमर डढेरा फाटक, रुड़की बुरी तरह अपनी सीट पर फंस गया।

कोतवाली प्रशांत बहुगुणा, चौकी प्रभारी भल्लेगांव एसआई योगेंद्र शर्मा, एचसी देवेंद्र सिंह व होमगार्ड रमेश ने पिकअप चालक का रेस्क्यू शुरू किया। अन्य वाहन की सहायता से पिकअप वाहन की खिड़की खींचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने चालक को उसके साथी अजहर के साथ उपचार के लिए श्रीनगर अस्पताल पहुंचाया। पिकअप चालक ज्वालापुर, हरिद्वार से सब्जी लेकर गुप्तकाशी जा रहा था, वहीं ट्रक कर्णप्रयाग से ऋषिकेश की ओर जा रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story