बेलगाम ट्रक ने पुलिस की पीसीआर वैन को दो सौ मीटर तक घसीटा, एसएसआई गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
बेलगाम ट्रक ने पुलिस की पीसीआर वैन को दो सौ मीटर तक घसीटा, एसएसआई गंभीर


हरिद्वार, 15 नवंबर (हि.स.)। सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहन अब पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं। शनिवार देर रात गश्त कर रही पुलिस की पीसीआर वैन को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्र रेफर किया गया है। हैरानी की बात यह है कि ट्रक को चालक नहीं, बल्कि परिचालक चला रहा था।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11.30 बजे लक्सर कोतवाली की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान लक्सर-बालावाली मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने पीसीआर वैन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस वाहन ट्रक में फंसकर काफी दूर तक घिसटता चला गया।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। दोनों वाहनों को अलग करना भी चुनौती बन गया।

इसके बाद राहगीरों ने वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर की मदद से ट्रक को पीछे खिंचवाया, तब जाकर पुलिस की गाड़ी को अलग किया जा सका।

हादसे के समय पीसीआर वैन में एसएसआई राजेश बिष्ट, चालक कपिल देव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और होमगार्ड मनोज कुमार मौजूद थे। वहीं, 112 की टीम के उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार और मोहित कुमार भी घटनास्थल के पास मौजूद थे। हादसे में एसएसआई राजेश बिष्ट के पैर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर उसे चला रहे परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि गश्त के दौरान लक्सर-बालावाली मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एसएसआई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ट्रक को कब्जे में लेकर परिचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story