ब्रेक फेल होने से ट्रक हादसा, केबिन में फंसे चालक का रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
ब्रेक फेल होने से ट्रक हादसा, केबिन में फंसे चालक का रेस्क्यू


देवप्रयाग, 06 अप्रैल (हि.स.)। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवमूर्ति के समीप सोमवार तड़के एक ट्रक के ब्रेक फेल होने से वह आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक केबिन में फंस गया, जिसे पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस व आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। बताया गया कि भगवानपुर (हरिद्वार) से सीमेंट लेकर रुद्रप्रयाग जा रहा ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर दूसरे वाहन से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक फैसल खान, निवासी बागपत (उत्तर प्रदेश), उसमें बुरी तरह फंस गया। पुलिस टीम ने कटर की मदद से केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story