बीवी को तीन तलाक, फिर चाचा से निकाह का बनाया दबाव, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। पथरी थाना क्षेत्र में विवाहिता को कथित तौर पर तीन तलाक देने और निकाह हलाला के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति विवाहिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। दंपती के दो बच्चे हैं।
पुलिस के मुताबिक बादशाहपुर पथरी निवासी व्यक्ति ने तहरीर में बताया कि उनकी बेटी का निकाह 20 जून 2020 को दरगाहपुर, लक्सर निवासी वाजिद पुत्र जाकिर के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही वाजिद पत्नी को परेशान करता था और उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज की जाती थी।
तीन बार तलाक कहने का आरोप
तहरीर के अनुसार 12 सितंबर 2026 की शाम वाजिद पत्नी और दोनों बच्चों को लेकर उसके मायके पहुंचा। आरोप है कि वहां भी दोनों के बीच विवाद हुआ। परिवार के लोगों की मौजूदगी में वाजिद ने पत्नी से कथित तौर पर तीन बार तलाक कहा। इसके बाद विवाहिता को दोबारा ससुराल भेजने के लिए उसके पति के चाचा इरशाद से निकाह हलाला कराने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पति और चाचा पर केस, जांच में जुटी पुलिस
महिला के पिता की शिकायत पर पथरी पुलिस ने वाजिद पुत्र जाकिर और इरशाद पुत्र जमीर, दोनों निवासी दरगाहपुर, लक्सर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि महिला के पिता की तहरीर के आधार पर दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

