क्लेमेनटाउन में यातायात नियम तोड़ने वालों पर दून पुलिस का शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now
क्लेमेनटाउन में यातायात नियम तोड़ने वालों पर दून पुलिस का शिकंजा


देहरादून, 23 अगस्त (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने और वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में थाना क्लेमेनटाउन पुलिस ने 24 घंटे के विशेष अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 21 रॉयल इनफील्ड बुलेट और शीशों पर काली फिल्म लगी तीन थार एवं स्कॉर्पियो वाहनों को सीज किया है।

पुलिस के अनुसार क्लेमेनटाउन क्षेत्र के नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी विश्वविद्यालयों के छात्र और अन्य लोग मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट से क्षेत्र की सड़कों और गलियों में तेज आवाज करते हुए वाहन चलाते हैं। साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज निकलने के कारण बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और बीमार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायतों का संज्ञान लेते हुए क्लेमेनटाउन पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 21 बुलेट मोटरसाइकिलों को मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण सीज किया गया। इसके अलावा वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाए जाने पर तीन थार और स्कॉर्पियो वाहनों को भी सीज किया गया।

पुलिस के मुताबिक सीज किए गए वाहनों में अधिकांश निजी विश्वविद्यालय के छात्रों की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे थे। इस संबंध में संबंधित विश्वविद्यालय को पत्र भेजकर छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है।

पुलिस ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सीसीटीवी फुटेज की मदद से ऐसे वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story