हरिद्वार में तड़के 4 बजे परिवहन विभाग का छापा, 5 बसें सीज, 50 से अधिक के चालान

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में तड़के 4 बजे परिवहन विभाग का छापा, 5 बसें सीज, 50 से अधिक के चालान


हरिद्वार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार तड़के हरिद्वार में स्लीपर और लग्जरी बसों के खिलाफ सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। सुबह चार बजे शुरू हुए आकस्मिक चेकिंग अभियान में 50 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि पांच बसों को सीज कर दिया गया। गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी अनियमितताओं के चलते पांच बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। टीम में संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी शामिल रहे। अभियान के दौरान बसों की तकनीकी स्थिति, स्वीकृत संरचना, आपातकालीन निकास, सुरक्षा उपकरणों और जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।

जांच में कई वाहनों में स्वीकृत संरचना के विपरीत अनधिकृत परिवर्तन, परमिट शर्तों का उल्लंघन, पर्यटक वाहनों का निर्धारित प्रयोजन से अलग उपयोग और सड़क सुरक्षा मानकों में खामियां सामने आईं। इसके अलावा आपातकालीन निकास व्यवस्था, रिफ्लेक्टर, ध्वनि नियंत्रण, ड्राइविंग लाइसेंस, कर संबंधी अभिलेखों और अन्य जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी अनियमितताएं भी पाई गईं।

हर आने-जाने वाली बस पर नजर

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्लीपर और लग्जरी बसों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। हरिद्वार में प्रवेश करने वाली बसों की जांच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मार्गों और प्रवेश स्थलों पर आकस्मिक चेकिंग की जाएगी। जांच का समय भी बदला जाएगा, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन कार्रवाई से बच न सकें। दूसरे राज्यों से आने वाली बसों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

विभाग ने बस संचालकों को स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव नहीं करने और फिटनेस, परमिट व सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी है। अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान, सीज करने तथा फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट संबंधी नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765361 Articles

Share this story