नाबालिगों के 20 दोपहिया वाहन सीज
हरिद्वार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने नाबालिग विद्यार्थियों के दोपहिया वाहन चलाने के खिलाफ जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों और आसपास विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज कीं।
अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। टीम ने विद्यालय प्रशासन से भी जानकारी ली। प्रधानाचार्यों ने बताया कि नाबालिग विद्यार्थियों को दोपहिया वाहनों से स्कूल न भेजने के लिए अभिभावकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी वाहन लेकर स्कूल पहुंच रहे थे और उन्हें आसपास की गलियों में खड़ा कर रहे थे।
परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बच्चों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण शामिल रहे। विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित आयु और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक लगाने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

