यातायात नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 127 चालान

WhatsApp Channel Join Now
यातायात नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 127 चालान


हरिद्वार, 02 नवंबर (हि.स.)। जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में विभिन्न यातायात उल्लंघनों के तहत 127 चालान किए गए। इनमें 60 चालान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने के मामलों में किए गए, जबकि अन्य उल्लंघनों पर 67 चालान दर्ज किए गए।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीमों ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान ओवरस्पीडिंग, दोपहिया वाहन पर हेलमेट नहीं पहनने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने पर कार्रवाई की गई।

व्यावसायिक वाहनों की जांच के दौरान वैध परमिट के बिना संचालन, कर भुगतान के प्रमाण प्रस्तुत नहीं करने और उत्तराखंड प्रवेश उपकर से संबंधित अनियमितताओं के मामले भी सामने आए। इसके अलावा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और प्रभावी ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाने पर भी चालान किए गए।

अभियान में परिवहन कर अधिकारी रविन्द्र पाल सैनी समेत परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान तेज गति से चलने वाले वाहनों और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर विशेष ध्यान दिया गया।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का इस्तेमाल सुनिश्चित करने की अपील की है। वहीं, व्यावसायिक वाहन संचालकों को वैध परमिट, कर भुगतान और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ ही वाहन संचालित करने की हिदायत दी गई है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी से दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771037 Articles

Share this story