हरिद्वार में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 69 चालान, नौ वाहन सीज

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 69 चालान, नौ वाहन सीज


हरिद्वार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के 69 चालान किए गए, जबकि नौ वाहनों को सीज किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान श्यामपुर, ऋषिकुल, जगजीतपुर, मिस्सरपुर, देवपुरा, सिडकुल समेत विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच की गई। इस दौरान मालवाहक वाहनों, बसों, मोटर कैब, ई-रिक्शा, तिपहिया और दोपहिया वाहनों को चेक किया गया।

जांच में मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग, यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, बिना वैध परमिट संचालन और परमिट शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने पर भी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा चेकिंग के लिए रोके जाने के संकेत की अनदेखी करने, बिना प्रभावी ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, बिना बीमा संचालन और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर भी चालान किए गए। गलत लेन में वाहन चलाने, प्रतिबंधित स्थान पर पार्किंग, मानक के अनुरूप पंजीयन चिह्न प्रदर्शित नहीं करने, रिफ्लेक्टर नहीं लगाने और कर संबंधी अभिलेख व उत्तराखंड प्रवेश उपकर के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के मामले भी कार्रवाई के दायरे में आए।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और संचालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी व माल ढोने, सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखने और चेकिंग के दौरान सहयोग करने की अपील की। विभाग ने यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करने पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story