गुरुकुल कांगड़ी में एनएसएस स्वयंसेवकों को युवा नेतृत्व और डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
गुरुकुल कांगड़ी में एनएसएस स्वयंसेवकों को युवा नेतृत्व और डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण


हरिद्वार, 26 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी (सम विश्वविद्यालय), हरिद्वार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना एम्पैनल्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का ज्ञानवर्धन करने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास और क्षमता संवर्धन को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. संगीता मदान ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों से अनुशासन एवं उत्साह के साथ प्रशिक्षण में सहभागिता करने का आह्वान किया।

प्रथम सत्र में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं युवा भारत साधु समाज के विशेष आमंत्रित सदस्य मोहित जोशी ने युवाओं की सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

दूसरे सत्र में जंतु विज्ञान एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्रो. राकेश भूटानी ने श्मेरा युवा भारत एवं युवा सहभागिताश् विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और स्वयंसेवा के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।

जिला राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने विशेष शिविर का उद्देश्य एवं उसकी तैयारी विषय पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विशेष शिविर स्वयंसेवकों को ग्रामीण एवं सामुदायिक परिवेश से जुड़कर सामाजिक समस्याओं को समझने और उनके समाधान में योगदान देने का अवसर प्रदान करते हैं। शिविर के सफल आयोजन के लिए पूर्व नियोजन, अनुशासन, टीम भावना और बेहतर समन्वय को आवश्यक बताया।

इसके बाद डॉ. सुशील उपाध्याय ने संवैधानिक मूल्य एवं जिम्मेदार नागरिक विषय पर व्याख्यान देते हुए संविधान में निहित लोकतांत्रिक आदर्शों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने समानता, स्वतंत्रता, न्याय, बंधुत्व और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

आईबीएम इंडिया के प्रोग्राम लीड डॉ. मणि मधुकर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल कौशल एवं शैक्षणिक सहयोग विषय पर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीकों की बढ़ती उपयोगिता बताते हुए युवाओं को तकनीकी दक्षता विकसित करने और भविष्य की रोजगार संबंधी चुनौतियों के लिए तैयार रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में डॉ. मयंक पोखरियाल, डॉ. नवीन चंद्र, सुमित पुरोहित, कृष्णा चौधरी एवं गोविंद आचार्य सहित समस्त अनुसेवक उपस्थित रहे। विशेषज्ञों के व्याख्यानों से प्रतिभागियों को युवा नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व, संवैधानिक मूल्यों और आधुनिक तकनीकों के विभिन्न पहलुओं की जानकारी मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story