महिला स्वरोजगार : क्लाउड किचन का दूसरे चरण का प्रशिक्षण पूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
महिला स्वरोजगार : क्लाउड किचन का दूसरे चरण का प्रशिक्षण पूर्ण


हरिद्वार, 08 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में महिला समूह को आत्मनिर्भर बनाने व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए क्लाउड किचन का दूसरे चरण का प्रशिक्षण आज पूर्ण हो गया। ग्रामीण व्यवसाय इन्क्यूबेटर सेंटर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं पंजाब नेशनल बैंक के सीएसआर गतिविधियों के अर्न्तगत क्लाउड किचन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था।

समापन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि क्लाउड किचन का जो प्रशिक्षण दिया गया है,इस कार्य में महिलाएं पहले से ही निपुण है मार्केटिंग व प्रचार प्रसार के संबंध में सभी ने तीन दिन के प्रशिक्षण सत्र में पूरी जानकारी प्राप्त कर ली होगी।

उन्होंने कहा जनपद हरिद्वार एक धार्मिक स्थल है जहां शाकाहारी भोजना की ज्यादा मांग है। इसके लिए सोशल मीडिया में अपना अकाउंट बना कर व्यापक प्रचार प्रसार करें ताकि लोग क्लाउड किचन के माध्यम से तैयार किए गए घर जैसे खाने की मांग कर सके। जिलाधिकारी ने महिलाओं को हर तरह का सहयोग देने की बात कही। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र ने कहा कि क्लाउड किचन के माध्यम से महिलायें अपने घर की रसोई से रोजगार शुरू कर सकती है। उन्होंने कहा कि जनपद में कई इंडस्ट्रियल एरिया एवं कंपनिया है जिसमें कार्य करने वाले कामगारों को खाने की डिमांड दिन रात रहती है तथा उन्हें घर जैसे खाना एवं उनकी मनपसंद का खाना उपलब्ध हो इसी उद्देश्य से महिलाओं को दूसरे चरण का क्लाउड किचन का प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 25 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है जिनके द्वारा गंगा रसोई के नाम से अपना क्लाउड किचन का कार्य शुरू कर दिया गया है।

इस अवसर पर लीड बैंक अधिकारी दिनेश गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए नलिनीत घिल्डियाल, इनक्यूबेशन मैनेजर योगेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री उद्यम शाला योजना के मंडल प्रमुख रंजन प्रकाश, आचार्य ईटीसी दीप्ति भट्ट, वरिष्ठ प्रशिक्षक संदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story