राज्यपाल से मिले प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल से मिले प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी


राज्यपाल से मिले प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी


देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से गुरुवार को लोक भवन में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी दीपेश सिंह कैड़ा और राजहंस सिंह ने भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने दोनों अधिकारियों को पुलिस सेवा में चयनित होने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि पुलिस सेवा देश और समाज की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और निष्पक्षता का विशेष महत्व है। उन्होंने दोनों अधिकारियों से जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

वहीं हिन्दुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के स्थापना दिवस पर संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने भी राज्यपाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें संगठन का बैज और स्कार्फ पहनाया तथा गतिविधियों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी।

राज्यपाल ने संगठन के स्थापना दिवस पर सभी स्काउट्स एवं गाइड्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं में अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में स्काउट्स एवं गाइड्स आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोगी बन सकते हैं। इसके लिए ग्रामीण युवाओं, किसानों और विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। प्रशिक्षित स्थानीय युवा राहत एवं बचाव दलों के पहुंचने से पहले प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध करा सकते हैं।

राज्यपाल ने संविधान दिवस के अवसर पर युवाओं से संविधान के मूल्यों, एकता, समरसता और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की भी सलाह दी। इस अवसर पर हिन्दुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य आयुक्त हिमांशु सक्सेना सहित संगठन के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story