राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुलाबघाटी, कलसियापुल व रानीबाग में लगने वाले जाम का होगा समाधान

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुलाबघाटी, कलसियापुल व रानीबाग में लगने वाले जाम का होगा समाधान


नैनीताल, 09 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद के अंतर्गत विभिन्न सड़क मार्गों के सुधारीकरण, चौड़ीकरण एवं अन्य कार्यों हेतु सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा विभिन्न स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं। केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि इनमें काशीपुर-रामनगर मोटर मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग, काठगोदाम नैनीताल मोटर मार्ग शामिल हैं।

काशीपुर-रामनगर मोटर मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309 (पुराना संख्या-121) के किलोमीटर संख्या 1 से 28 में रुपये 16.81 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। मार्ग की सतह खराब होने के कारण कार्बेट जाने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, मार्ग में बड़े-बडे पैच होने के कारण वाहन स्वामियों को भी परेशानी हो रही थी। मार्ग की सतह सही होने के पश्चात जनता को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिये विभाग को निविदा आमंत्रित कर शीघ्र कार्य कराने के भी निर्देश दिये गये हैं।

इसके अतिरिक्त काठगोदाम नैनीताल मोटर मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109 (पुराना संख्या-87) के गुलाबघाटी में चैनेज 91.125 से 91.415 पर 290 मीटर लंबाई में मार्ग के संकरे होने के कारण जाम की स्थिति बनती है, और नैनीताल-भीमताल जाने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर स्लोप प्रोटेक्शन का कार्य किया जाएगा और मार्ग की चौडाई बढ़ाकर 2-लेन करने हेतु लागत 61 करोड़ रुपये की स्वीकृत प्राप्त हो गयी है। इसके लिये विभाग को निविदा आमंत्रित कर शीघ्र कार्य कराने के निर्देश भी दे दिये गये हैं। इसी मार्ग पर काठगोदाम में कलसिया पुल पर 2-लेन कम्पोजिट ब्रिज निर्माण कार्य हेतु 506.61 करोड की स्वीकृति मिल गई है. जिसमें अनुबंध गठित कर कार्य प्रारम्भ करा दिया गया है। माना जा रहा है कि इन दोनों स्थानों पर 2-लेन का पुल और मार्ग चौड़ा हो जाने से जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। भारी वाहनों का आवागमन भी आसानी से होगा।

इसके साथ ही इसी मार्ग पर रानीबाग में भी जाम लगता है। इसके समाधान के लिये रानीबाग में अण्डरपास यानी भूमिगत मार्ग बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है। इस अंडरपास के बन जाने से यातायात दो मार्गों में विभक्त हो जायेगा। काठगोदाम से नैनीताल जाने वाले यातायात वर्तमान मार्ग से जायेगा, यह मार्ग भी 2-लेन में परिवर्तित किया जा रहा है। जबकि काठगोदाम से भीमताल जाने वाला यातायात दो लेन में बनने वाले अंडरपास से जायेगा। इस अण्डरपास को बनाने हेतु 17.04 करोड़ रुपये के अनुबंध का गठन कर लिया गया है. जिसे जल्द ही स्वीकृत करा लिया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story