जीएसटी कार्रवाई के विरोध में बंद रहीं इलेक्ट्रिकल कारोबारियों की दुकानें

WhatsApp Channel Join Now
जीएसटी कार्रवाई के विरोध में बंद रहीं इलेक्ट्रिकल कारोबारियों की दुकानें


हरिद्वार, 21 सितंबर (हि.स.)। जीएसटी विभाग की ओर से इलेक्ट्रिकल कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और दुकानों पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में सोमवार को हरिद्वार इलेक्ट्रिकल ट्रेड एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने आर्यनगर चौक से चंद्राचार्य चौक तक विरोध मार्च निकालकर जीएसटी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।

व्यापारियों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से इलेक्ट्रिकल सामान का कारोबार करने वाले व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर जीएसटी विभाग की ओर से छापेमारी की जा रही है। इससे कारोबारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कम समय के नोटिस पर लाखों रुपये एडवांस टैक्स के नाम पर जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है।

अब तक इलेक्ट्रिकल ट्रेड एसोसिएशन से जुड़े व्यापारी ही जीएसटी कार्रवाई का विरोध कर रहे थे, लेकिन सोमवार को अन्य व्यापार मंडलों से जुड़े कारोबारियों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि पहले से ही कारोबार में मंदी, ऑनलाइन शॉपिंग और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन पर लगने वाले शुल्क समेत कई समस्याओं से व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यदि विभाग को किसी व्यापारी के कारोबार को लेकर शिकायत या संदेह है तो नियमानुसार नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी सरकार और विभागों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि जीएसटी विभाग ने कार्रवाई नहीं रोकी तो एसोसिएशन से जुड़े व्यापारी दुकानें बंद कर सरकार को चाबियां सौंपने जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।

व्यापारी नेता प्रदीप कालरा ने कहा कि व्यापारी जांच में हरसंभव सहयोग करने को तैयार हैं। अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाए जाने पर व्यापारी उपस्थित होकर सहयोग करेगा। यदि जांच के बाद विभाग संतुष्ट नहीं होता है तो नियमानुसार कार्रवाई का अधिकार विभाग के पास है, लेकिन जबरन छापेमारी और कार्रवाई को व्यापारी स्वीकार नहीं करेंगे।

व्यापारी नेता संजीव नैय्यर ने कहा कि जीएसटी विभाग की मौजूदा कार्यप्रणाली से व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं रोकी गई तो व्यापारी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story