जीएसटी छापेमारी के खिलाफ व्यापारियों का हल्लाबोल
हरिद्वार, 20 सितंबर (हि.स.)। इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रिकल सामान की दुकानों पर जीएसटी विभाग की छापेमारी के विरोध में रविवार को हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ज्वालापुर तहसील परिसर से चंद्राचार्य चौक तक निकाली गई विरोध रैली में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। व्यापारियों ने विभाग की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छापेमारी तत्काल रोकने की मांग की।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जीएसटी विभाग की कार्रवाई नहीं रुकी तो सोमवार को हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन से जुड़े व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर चाबियां अधिकारियों को सौंपेंगे।
चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेशभर में बिजली के सामान का कारोबार करने वाले व्यापारियों को छापेमारी के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की कार्रवाई से व्यापारियों में भय और असंतोष का माहौल है।
राजीव गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों पर शॉर्ट टर्म नोटिस देकर लाखों रुपये एडवांस टैक्स के नाम पर जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी पहले से ही बाजार में मंदी, बारिश, ऑनलाइन कारोबार और ऑनलाइन पेमेंट पर लगने वाले शुल्क की मार झेल रहे हैं। ऐसे समय में दीपावली के सीजन से ठीक पहले छापेमारी से कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारी नेता विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी हमेशा सरकार के साथ खड़े रहे हैं और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद विभिन्न विभागों की कार्रवाई में व्यापारियों को आसान निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि जीएसटी विभाग को किसी व्यापारी के खिलाफ शिकायत या संदेह है तो पहले नोटिस जारी कर कार्यालय में बुलाकर स्पष्टीकरण लिया जाना चाहिए।
एसोसिएशन के महामंत्री सुशांत शर्मा ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं रुकी तो व्यापारी वर्ग एकजुट होकर आंदोलन को आगे बढ़ाएगा। जरूरत पड़ने पर व्यापारी दुकानें बंद कर अपनी चाबियां अधिकारियों को सौंपेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

