पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर चोर गिरफ्तार, दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर चोर गिरफ्तार, दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद


पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर चोर गिरफ्तार, दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद


हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने बुधवार काे चेकिंग अभियान के दौरान तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। इनमें एक ट्रैक्टर वर्ष 2024 में कलियर क्षेत्र से, जबकि दूसरा पंजाब के संगरूर जनपद से चोरी किया गया था।

जानकारी के अनुसार 16 मई 2024 को शफ्फकत पुत्र सखावत ने कोतवाली कलियर में ट्रैक्टर संख्या यूके 17 आर 7322 की चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था।

ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत कलियर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार चेकिंग कर रही थी, चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को दो चोरी के ट्रैक्टरों के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद ट्रैक्टरों में एक महिंद्रा तथा दूसरा बिना नंबर का स्वराज ट्रैक्टर शामिल है, जो पंजाब से चोरी किया गया है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक साथी हैप्पी निवासी खजूरी, देवबंद के साथ मिलकर 16 मई 2024 की रात कलियर क्षेत्र से महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी किया था। इसके अलावा लगभग दो माह पूर्व पंजाब के नारायणगढ़-संगरूर क्षेत्र से स्वराज ट्रैक्टर चोरी करने की बात भी कबूल की।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद वे ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट निकाल देते थे और ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी ढुलाई तथा मजदूरी के कार्य में उनका उपयोग करते थे। गिरफ्तार आरोपितों अजय कुमार पुत्र चंद्रपाल, निवासी लिब्बरहेड़ी, थाना मंगलौर, हरिद्वार (उम्र 33 वर्ष), अभिषेक कुमार पुत्र पुरुषोत्तम, निवासी भलसुआ गाज, थाना झबरेड़ा, हरिद्वार (उम्र 21 वर्ष) व अंकुश पुत्र हंसराज, निवासी फखरहेड़ी, थाना झबरेड़ा, हरिद्वार (उम्र 20 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story