नैना पीक से लापता ग्राफिक इरा के छात्र का तीसरे दिन भी नहीं मिला सुराग

WhatsApp Channel Join Now
नैना पीक से लापता ग्राफिक इरा के छात्र का तीसरे दिन भी नहीं मिला सुराग


नैनीताल, 08 नवंबर (हि.स.)। दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया ग्राफिक इरा पर्वतीय विश्वविद्यालय का बिहार निवासी 19 वर्षीय छात्र अर्णव सिंह गत शुक्रवार की शाम को नैना पीक की ट्रैकिंग के दौरान लापता हो गया था। रविवार को तीसरे दिन भी पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार जंगल में उसकी तलाश कर रही हैं, लेकिन वह नहीं मिल पाया है।

इससे पूर्व रविवार सुबह मल्लीताल कोतवाली में पुलिस ने उसके साथ आये तीनों दोस्तों से दोबारा पूछताछ की गयी, लेकिन छात्र के संबंध में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के मुंगेर जिले के पहरपुर निवासी अर्नव सिंह भीमताल स्थित ग्राफिक एरा पर्वतीय विश्वविद्यालय के परिसर का विद्यार्थी है। उसके गांव के तीन दोस्त आलोक राज, ओम जी और ऐश्वर्य राज उससे मिलने यहां पहुंचे थे।

शुक्रवार को चारों दोस्त हल्द्वानी से नैनीताल घूमने आये और अपराह्न लगभग दो बजे नैनीताल की सबसे ऊंची नैना पीक की ट्रैकिंग पर निकलेे। शाम लगभग चार बजे वापसी के दौरान नैना पीक के पास अन्य दोस्त फोटो खिंचवाने के लिए पीछे रुक गये, जबकि अर्णव आगे निकल गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

दोस्तों के काफी देर तक वापस नहीं पहुंचने पर जंगल में आवाज लगाकर और राहगीरों से पूछताछ कर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने शुक्रवार देर रात से ही खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया था। शनिवार को दूसरे और रविवार को तीसरे दिन भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन उसका पता नहीं चला। बताया गया है कि अर्णव के पास मोबाइल फोन भी नहीं है, जिससे उसकी तलाश में और कठिनाई आ रही है। पुलिस उसके दोस्तों से पूछताछ के साथ ही जंगल के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774192 Articles

Share this story