जयहरीखाल में 100 बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के लिए किया चिह्नित

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दिव्यांगज व वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विकासखंड जयहरीखाल में विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।

जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित शिविर में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया। शिविर में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 93 वरिष्ठ नागरिकों और एडिप योजना के तहत 07 दिव्यांगजनों सहित कुल 100 लाभार्थियों को सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया। परीक्षण के बाद पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

शिविर में दिव्यांगजनों के दस्तावेज संबंधी कार्य भी किए गए। इस दौरान 16 यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण किया गया। इससे पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। ब्लॉक प्रमुख रणबीर सजवाण ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण हैं।

इससे जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायता मिलती है और उन्हें दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलती है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर कनिष्ठ उप प्रमुख पूनम देवी, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सारंग, सहायक समाज कल्याण अधिकारी कामेश चौहान आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761846 Articles

Share this story