हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में निकली तिरंगा रैली

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में निकली तिरंगा रैली


हरिद्वार, 13 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जनपद हरिद्वार की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भव्य तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। शासन के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह आयोजन हुआ। रैलियों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खां ने बताया कि ग्राम पंचायत सलारी, ब्लॉक नारसन तथा ग्राम पंचायत खटका एवं ग्राम पंचायत दुधाला डाला वाला, ब्लॉक बहादराबाद में तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में शामिल लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति का संदेश दिया और ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।

रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। ग्रामीणों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के साथ ही अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना पहुंचाना है। स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखने की अपील की। रैली के दौरान लोगों को सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और अपने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story