एक माह से अधिक समय से बंद है टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा
नई टिहरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर विधानसभा के रैका, धारमंडल, मंदार क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए संचालित टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा एक माह से अधिक समय से बंद होने पर जनप्रतिनिधियों ने गहरी चिंता जताते हुए डीएम/पुनर्वास निदेशक नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर दोबारा से संचालन की मांग की। उन्होंने बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को प्रतापनगर के विधायक विक्रम नेगी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर बताया कि टिहरी बांध के लिए कुर्बानी देने वालों के साथ सरकार और प्रशासन अन्याय कर रहा है। यहां क्षेत्र के लोगों के लिए 2012 से टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा संचालित होती आ रही है। इस सेवा से 50 से अधिक गांव के लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किमी की दूरी और समय कम खर्च करना पड़ता है। लेकिन सिडकुल ने बीते 31 अगस्त को सेवा संचालन से मना कर दिया।
विधायक ने बताया कि रोपवे सेवा में कार्यरत 14 कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर खत्म हो गई है। जिससे उनके परिवार भुखमरी की कगार पर हैं। इस सेवा के बंद होने से स्थानीय लोगों को डोबरा और पीपलडाली पुल से आवागमन कर 50 से 70 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत, कनिष्ठ उप प्रमुख कीर्ति पंवार, दिनेश पंवार, नरेंद्र राणा, पदम सिंह, प्रधान अनुराग भूषण, विक्रम भंडारी, कुशाल सिंह, जय पंवार, महिपाल सिंह, आनंद पंवार, शूरवीर सिंह, रणवीर चौहान विनोद पुंडीर, अनिल, सुरेंद्र जोशी, कुशाल सिंह मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

