दूसरी पत्नी के बाद पहली पत्नी पर टूटा कथित कहर, बच्चे समेत घर से निकाला

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 30 अगस्त (हि.स.)। दूसरी शादी के बाद पहली पत्नी के साथ कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है। निहेंदपुर सुठारी गांव निवासी महिला ने अपने पति पर आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि रविवार को विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे बच्चे समेत घर से बाहर निकाल दिया। परेशान महिला ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंचकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता के मुताबिक, उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। आरोप है कि दूसरी शादी के बाद से ही उसके व्यवहार में बदलाव आया और वह आए दिन उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज करने लगा। रविवार को विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे बच्चे सहित घर से बाहर निकाल दिया गया।

महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी उसकी बड़ी बहन ने कराई थी। अब जब वह पति के उत्पीड़न से परेशान है तो मायके वालों से भी उसे सहयोग नहीं मिल रहा है। पीड़िता का कहना है कि पति की लगातार प्रताड़ना के चलते वह बेहद परेशान है और खुद को अकेला महसूस कर रही है। न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस चौकी पहुंची महिला ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर पति के खिलाफ कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story