रामनगर ने ट्राईब्रेकर में देवप्रयाग को हराकर जीती सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 28 सितंबर (हि.स.)। खेल महाकुंभ-2026 के तहत सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी की अंडर-19 बालक वर्ग फुटबाल प्रतियोगिता में विधानसभा रामनगर ने खिताब अपने नाम किया। रांसी खेल मैदान में खेले गए रोमांचक फाइनल में रामनगर और देवप्रयाग की टीमें निर्धारित समय तक 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। ट्राईब्रेकर में रामनगर ने देवप्रयाग को 7-6 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

पहले सेमीफाइनल में रामनगर ने कोटद्वार को ट्राईब्रेकर में 3-1 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 से बराबर थीं। दूसरे सेमीफाइनल में देवप्रयाग ने पौड़ी को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में पौड़ी ने कोटद्वार को 1-0 से पराजित किया।

समापन पर जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में बैडमिंटन, मलखंभ, फुटबाल, एथलेटिक्स, खो-खो और पिट्ठू की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक राकेश मोहन बलोदी, राजेंद्र रावत, जगमोहन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र रावत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी भगवान गुसाईं समेत अन्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story