बीएचईएल में चोरी की फिराक में तीन संदिग्ध गिरफ्तार, औजारों के साथ दबोचे

WhatsApp Channel Join Now
बीएचईएल में चोरी की फिराक में तीन संदिग्ध गिरफ्तार, औजारों के साथ दबोचे


हरिद्वार, 15 सितंबर (हि.स.)। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने बीएचईएल क्षेत्र में बड़ी चोरी की योजना बना रहे तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हथौड़ी, सरिया, छेनी और प्लास बरामद हुआ है। पुलिस की सक्रियता से चोरी की वारदात टल गई।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन प्रहार के तहत 14 सितंबर की रात रानीपुर पुलिस गश्त पर थी। मुखबिर ने सूचना दी कि एचआरडीसी चौक के पास झाड़ियों में तीन युवक औजारों के साथ बैठे हैं और बीएचईएल में किसी बंद घर या दुकान में चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश उर्फ पतूड़ी (26) निवासी सम्राट मार्केट रावली महदूद, सुमित (19) निवासी गोपालगंज बिहार, हाल सिडकुल और शिवकुमार उर्फ शिवा (19) निवासी बिजनौर यूपी, हाल सिडकुल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आकाश के खिलाफ सिडकुल थाने में 2023, 2024, 2025 और 2026 में तथा ज्वालापुर में 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों का चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story