बैरागी कैंप में बेकाबू कार ने तीन गायों को कुचला, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
बैरागी कैंप में बेकाबू कार ने तीन गायों को कुचला, चालक फरार


हरिद्वार, 28 अगस्त (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार बेकाबू कार ने सड़क पर बैठी तीन गायों को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बैरागी कैंप रोड पर देर रात एक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद तीन गोवंश को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक फरार हो चुका था।

पुलिस ने वाहन को थाने में खड़ा कराया है और आरटीओ से वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

इधर स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि हादसे वाली कार एक कथित समाजसेवी से जुड़ी बताई जा रही है, जो सोशल मीडिया पर खुद को समाजसेवी बताकर नशे के खिलाफ अभियान चलाता है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

तीन गोवंश की मौत के बावजूद अभी तक किसी संगठन की ओर से कोई बड़ा विरोध न होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story