हरिद्वार नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब हरिद्वार नगर निगम को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में नगर निगम के अलावा ऋषिकेश, केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित प्रदेश के कई महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां और सुरक्षा तंत्र तत्काल सक्रिय हो गए।

धमकी मिलने के बाद नगर निगम कार्यालय और मेयर कार्यालय में बम निरोधक दस्ते तथा डॉग स्क्वायड की टीमों ने घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की गई, हालांकि प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

धमकी भरे ईमेल में चारधाम यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों का भी उल्लेख होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है। इसके मद्देनजर चारधाम यात्रा मार्ग, धार्मिक स्थलों और प्रमुख सरकारी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और खुफिया विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।पुलिस की साइबर सेल ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर पुलिस द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि ईमेल में केवल नगर निगम ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई अन्य स्थानों के नाम भी शामिल हैं। पुलिस विभिन्न स्तरों पर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है। धमकी के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story