फौजी के घर आधी रात में 28 लाख की चोरी, 90 हजार नकदी भी ले उड़े चोर

WhatsApp Channel Join Now
फौजी के घर आधी रात में 28 लाख की चोरी, 90 हजार नकदी भी ले उड़े चोर


हरिद्वार, 31 अगस्त (हि.स.)। लक्सर के मुंडाखेड़ा कला गांव में चोरों ने फौजी के घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मुंडाखेड़ा कला निवासी नवीन फौज में सेवारत हैं और वर्तमान में केरल में ड्यूटी पर तैनात हैं। घर पर उनके पिता प्रेम सिंह रहते हैं। बताया गया कि 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे प्रेम सिंह सो गए थे। रात करीब डेढ़ बजे उनकी आंख खुली तो घर के कमरों की लाइट जल रही थी।

अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे करीब 28 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 90 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। चोरी का पता चलते ही प्रेम सिंह ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने लक्सर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story