बनभूलपुरा में बिजली विभाग की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
बनभूलपुरा में बिजली विभाग की छापेमारी


हल्द्वानी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने आज सुबह व्यापक जांच अभियान चलाया। विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान बिजली चोरी और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। इन मामलों में करीब 108 प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत चिह्नित इलाकों में सुबह पांच बजे से सात टीमों ने जांच की। इस दौरान कथित तौर पर कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। संबंधित मीटरों को सीज किया गया है और आरोपितों के खिलाफ बनभूलपुरा कोतवाली में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

त्रिपाठी ने बताया कि विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों का अध्ययन कर रहा था। इस दौरान बनभूलपुरा के कुछ फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद व्यापक जांच अभियान की योजना बनाई गई। अभियान में विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विजिलेंस और पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं।

उन्होंने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए घरों के भीतर लगे मीटरों को बाहर स्थानांतरित करने और सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने की योजना है। क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।

मुख्य अभियंता ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी रोकना और नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली कनेक्शन दिलाने या बिल जमा कराने के नाम पर पैसे मांगने वालों की शिकायत पुलिस से करने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि निरीक्षण के दौरान विभागीय कर्मचारियों से संबंधित कुछ शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, अधिकारी रवि कुमार राजोरा, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759256 Articles

Share this story