चोरी के जेवर दिल्ली की गोल्ड लोन कंपनी में रखकर लिया ऋण, पुलिस ने किया बरामद

WhatsApp Channel Join Now
चोरी के जेवर दिल्ली की गोल्ड लोन कंपनी में रखकर लिया ऋण, पुलिस ने किया बरामद


हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलौर पुलिस ने शेष जेवरात दिल्ली से बरामद कर लिए हैं। मंगलौर के ग्राम उदलहेड़ी में हुई चोरी के जेवरात आरोपी ने बेचने के बजाय दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखकर 2,51,200 रुपये का ऋण लिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गोल्ड लोन कंपनी से जेवरात बरामद कर चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की।

कोतवाली मंगलौर में दर्ज मुकदमे के संबंध में पुलिस ने आरोपी राहुल को 3 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। उस दौरान उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ था। पूछताछ में आरोपित ने चोरी के शेष सोने के जेवरात दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखने की जानकारी दी।

जांच में सामने आया कि आरोपित ने 7 अगस्त को उक्त शाखा में चोरी के जेवरात गिरवी रखकर 2,51,200 रुपये का ऋण प्राप्त किया था। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने आरोपित की अभिरक्षा का रिमांड प्राप्त कर उसकी निशानदेही पर दिल्ली पहुंचकर संबंधित शाखा से शेष जेवरात बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद चोरी के मामले में शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story