आपदा प्रभावित 29 परिवारों के नुकसान का उच्च स्तरीय टीम करेगी आकलन : धन सिंह रावत

WhatsApp Channel Join Now
आपदा प्रभावित 29 परिवारों के नुकसान का उच्च स्तरीय टीम करेगी आकलन : धन सिंह रावत


देहरादून, 29 सितंबर (हि.स.)। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के थलीसैंण विकासखंड में आपदा से प्रभावित 29 परिवारों के नुकसान का उच्च स्तरीय समिति से आकलन कराया जाएगा। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को आपदा प्रबंधन विभाग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डॉ. रावत ने अपने शासकीय आवास पर श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आपदा नीति के तहत शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त मोटरमार्गों, पुलों और पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत कर आवागमन एवं पेयजल आपूर्ति बहाल करने को कहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-309 (बुआखाल-बैजरो) कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की भी जल्द मरम्मत करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. रावत ने पाबों क्षेत्र में हो रहे भू-धंसाव का टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) से स्थलीय सर्वेक्षण कराने तथा सर्वेक्षण के आधार पर आवश्यक उपचारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। बैठक में आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत कर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही भिड़ाहस्यूडी, विडोलस्यूं और ढिक्वाल गांव पेयजल पंपिंग योजना को शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन,प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग राजेश चंद्र शर्मा, मुख्य अभियंता उत्तराखंड पेयजल निगम संजय सिंह, मुख्य वन संरक्षक (वनाग्नि एवं आपदा प्रबंधन) सुशांत पटनायक, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान मनीष सेमवाल, मुख्य अभियंता एन.एस.बिष्ट, अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम मोहम्मद मीसम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story