थलीसैंण में तहसील दिवस में सीडीओ को गिनवाई समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
थलीसैंण में तहसील दिवस में सीडीओ को गिनवाई समस्याएं


पौड़ी गढ़वाल, 03 नवंबर (हि.स.)।तहसील थलीसैंण में तहसील दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में किया गया। तहसील दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।

इस दौरान कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं। तहसील दिवस में ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पेयजल व्यवस्था, पंचायत भवनों की मरम्मत तथा मनरेगा के तहत जॉब कार्ड बनाए जाने से संबंधित विषय उठाए। सड़क संबंधी प्रस्तावों पर जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि संबंधित कार्यों के एस्टीमेट भेजे जा चुके हैं।

उन्होंने अधिकारियों को उच्च स्तर पर समन्वय स्थापित कर आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही करने को कहा, ताकि सड़क सुधारीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागों को प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए तथा अन्य प्रकरणों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा गुसांई आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story