कांग्रेस विधायक के बेटे पर हंगामे और सरकारी कार्य में बाधा का आरोप, पुलिस को दी तहरीर

WhatsApp Channel Join Now


हरिद्वार, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले की रामपुर नगर पंचायत में कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद के बेटे सलमान पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों से अभद्रता का आरोप लगा है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रोहित पंवार ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पंवार के अनुसार 3 अगस्त को सलमान कार्यालय पहुंचे और काम तत्काल कराने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इससे कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बना और काम प्रभावित हुआ। घटना सीसीटीवी और एक मोबाइल वीडियो में कैद होने का दावा किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के चलते कार्यालय में भीड़ है और इस घटना से कर्मचारियों में भय का माहौल बना।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि शिकायत पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

विधायक फुरकान अहमद या उनके बेटे सलमान की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story