16 अगस्त को जिला मुख्यालय पर संघर्ष समिति ने निकालेगी रैली
नई टिहरी, 14 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण मांग को लेकर श्रीदेव सुमन पार्क में लगातार 13 वें दिन जन जागरण सत्याग्रह धरना जारी है। वहीं संघर्ष समिति ने 6 समितियों का गठन कर आगामी कार्यक्रम की रणनीति तैयार की।
शुक्रवार को जन जागरण सत्याग्रह कर रहे पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीत राम भट्ट ने कहा कि नई टिहरी सहित टिहरी विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार लोगों का समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव राकेश राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार को लोगों की जनभावना देखते हुए शीघ्र मेडिकल कॉलेज के निर्माण की घोषणा करनी चाहिए।
इधर, मेडिकल कॉलेज संघर्ष समिति के लोगों ने बैठक कर 16 अगस्त से होने वाले प्रस्तावित धरने के लिए 6 समितियों का गठन किया। संयोजक डॉ़ राकेश भूषण गोदियाल और सह संयोजक भगवान सिंह रावत ने बताया कि 4 समितियों में धरना स्थल कमेटी, जनसंपर्क, वित्त, सोशल मीडिया, अनुशासन और आरती कमेटी शामिल है। धरना स्थल गणेश चौक बौराड़ी में प्रत्येक शाम 7 बजे समिति आरती का आयोजन करेगी। 16 अगस्त को नगर क्षेत्र में विशाल रैली होगी। इस मौके पर पर विक्रम तोपवाल, लक्ष्मी डोभाल, मनोहर कुंडियाल मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

