टिहरी के इणियां में बने मेडिकल कॉलेज, माला राज्य लक्ष्मी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
नई टिहरी, 04 अगस्त (हि.स.)। टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर भागीरथीपुरम के निकट इणियां में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना में भौगोलिक स्थिति, जनसुविधा और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सांसद शाह ने पत्र में कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापना की घोषणा दो मुख्यमंत्रियों द्वारा की जा चुकी है, लेकिन अभी तक निर्माण की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इससे क्षेत्र की जनता में निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और भविष्य के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। करीब दो वर्ष पूर्व केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भागीरथीपुरम के निकट इणियां में प्रस्तावित भूमि का परीक्षण किया गया था और कार्यदायी संस्था का चयन भी किया जा चुका है।
माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि पूर्व में किए गए तकनीकी परीक्षण और प्रशासनिक प्रक्रिया को देखते हुए उसी चयनित स्थल पर मेडिकल कॉलेज निर्माण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इणियां का स्थान टिहरी की छह विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपदों के लोगों के लिए भी सुविधाजनक है। चारधाम यात्रा मार्ग के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी यह क्षेत्र उपयुक्त है, जहां यात्रा के दौरान आपात चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता रहती है। वहीं विश्वस्तरीय टिहरी झील के निकट मेडिकल कॉलेज बनने से पर्यटकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए स्थान चयन केवल प्रशासनिक सुविधा के आधार पर नहीं, बल्कि जनहित, भौगोलिक परिस्थितियों, पहुंच की सुगमता, भविष्य की जरूरतों और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

