टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग पर आठ दिन का अनशन समाप्त, अस्पताल होगा 200 बेड का

WhatsApp Channel Join Now
टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग पर आठ दिन का अनशन समाप्त, अस्पताल होगा 200 बेड का


टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग पर आठ दिन का अनशन समाप्त, अस्पताल होगा 200 बेड का


- मेडिकल कॉलेज की डीपीआर पर टीएचडीसी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश,डीएम ने धरनास्थल पहुंचकर अनशन समाप्त कराया

नई टिहरी, 19 नवंबर (हि.स.)। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर आठ दिन से आमरण अनशन कर रहे आंदोलनकारियों ने गुरुवार को सरकार के साथ वार्ता के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में देहरादून में हुई बैठक में जिला चिकित्सालय टिहरी की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग स्वीकार कर ली गई। वहीं, मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए पूर्व में तैयार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर टीएचडीसी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

12 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। आंदोलन के आठवें दिन वन भवन, देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रतिनिधियों ने मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग और जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी मांगों और जनभावनाओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि सरकार मेडिकल कॉलेज निर्माण के विषय में गंभीरता से काम कर रही है।

बैठक में जिला चिकित्सालय टिहरी की वर्तमान 100 बेड की क्षमता को बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग स्वीकार की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल की क्षमता बढ़ने से जनपदवासियों को बेहतर और विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज की पूर्व में तैयार डीपीआर पर टीएचडीसी को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए समिति के प्रतिनिधियों से आमरण अनशन समाप्त कराने की अपील की। बैठक के बाद उन्होंने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रस्ताव की अद्यतन स्थिति से प्राथमिकता के आधार पर तत्काल अवगत कराने को कहा।

वार्ता के बाद देर शाम जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल नई टिहरी के बौराड़ी स्थित धरनास्थल पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनकारियों को स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक में लिए गए निर्णयों और शासन स्तर पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत और संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल की मौजूदगी में एक छोटे बच्चे ने जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया। आठ दिन से अनशन कर रहे पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जीतराम भट्ट और राहुल बुटोला ने जूस पीकर अपना अनशन तोड़ा। सरकार की ओर से मिले आश्वासन और जिला अस्पताल की क्षमता बढ़ाने सहित लिए गए निर्णयों के बाद आंदोलनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।

बैठक में विधायक किशोर उपाध्याय वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सयाना, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत,समिति संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल सहित समिति के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story