नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण पर अगली कैबिनेट में हो सकता है निर्णय : किशोर उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण पर अगली कैबिनेट में हो सकता है निर्णय : किशोर उपाध्याय


नई टिहरी, 03 अगस्त (हि.स.)। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि नई टिहरी के इणियां क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज निर्माण का मामला अब अंतिम चरण में है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस संबंध में चर्चा की है और उम्मीद जताई कि अगली कैबिनेट बैठक में इस पर निर्णय हो जाएगा। उन्होंने बताया कि टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल भी जल्द मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।

सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए वह वर्ष 1991 से लगातार प्रयासरत हैं। वर्ष 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय एन.डी. तिवारी के समक्ष कोटी कॉलोनी में मेडिकल कॉलेज निर्माण का प्रस्ताव रखा था। वर्ष 2011 में उन्होंने विधानसभा के भीतर भी इस मांग को लेकर धरना दिया था। इसके बाद वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में विधायक बनने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपे गए 10 प्रमुख विकास प्रस्तावों में मेडिकल कॉलेज को पहली प्राथमिकता दी गई थी। उनके प्रयासों के बाद 14 जुलाई 2024 को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने टीएचडीसी के माध्यम से इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण को स्वीकृति प्रदान की, जिसे मुख्यमंत्री ने भी आगे बढ़ाया।

उपाध्याय ने कहा कि इणियां में भूमि संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और कार्यदायी संस्था ब्रिज एंड रोप लिमिटेड विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार कर चुकी है। ऐसे में अब निर्माण स्थल बदलने की मांग उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से स्पष्ट रूप से आग्रह किया गया है कि टिहरी की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए मेडिकल कॉलेज का निर्माण इणियां में ही कराया जाए।

उन्होंने 31 जुलाई को नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर हुए स्वतःस्फूर्त जनआंदोलन का स्वागत करते हुए कहा कि इस परियोजना के लिए टीएचडीसी के साथ अन्य सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू) से भी वित्तीय सहयोग मिलने की संभावना है और इस संबंध में विभिन्न स्तरों पर बातचीत जारी है। पत्रकार वार्ता में विधायक प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल तथा हरि सकलानी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story