शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान, नवाचार और शोध पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान, नवाचार और शोध पर जोर


नैनीताल, 5 सितंबर (हि. स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में वर्तमान और नवनियुक्त कुलपतियों ने शिक्षकों को सम्मानित किया और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, शोध तथा विद्यार्थियों से बेहतर संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नौसेना एनसीसी कैडेट्स द्वारा कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुई। परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत ने अतिथियों का स्वागत किया।

विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति और पूर्व छात्र प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल विषय का ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को प्रेरित और मार्गदर्शित करना भी उसका दायित्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित कर उनकी भावनाओं को समझना चाहिए।

बिष्ट ने विद्यार्थियों से अनावश्यक तनाव से बचने व अंकों के बजाय चरित्र, संतुलन और प्रसन्नता को महत्व देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्राथमिकता अध्ययन होना चाहिए।

एक सितंबर से कुलपति का दायित्व संभाल रहे प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि दी और कहा कि वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था में नवाचार जरूरी है।

उन्होंने नवाचार, शोध और उद्यमिता को शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया।

उन्होंने कहा कि तकनीक और सूचना के विस्तार से विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर बढ़े हैं औरभौगोलिक चुनौतियों के बावजूद कुमाऊं के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बना रहे हैं।

इस अवसर पर लोहनी ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई, जबकि बिष्ट ने हिमालय संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई।

समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक प्रो. केबी मेलकानी, प्रो. मंजू लता बिष्ट, प्रो. एबी मेलकानी और प्रो. नीता बोरा शर्मा को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने विश्वविद्यालय और विद्यार्थियों के विकास में उनके योगदान को याद किया।

इस मौके पर विद्यार्थियों, छात्र नेताओं, कर्मचारी संघ पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दोनों कुलपतियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।

कूटा ने नवनियुक्त कुलपति को दी बधाई

कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। संघ ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय की समस्याओं का समाधान होगा।

इस दौरान कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी और विश्वविद्यालय के एलुमनी प्रकोष्ठ से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story