शिक्षक दिवस पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने डॉ. राधाकृष्णन को किया नमन
देहरादून, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए महान शिक्षाविद् और पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें जीवन में सही दिशा देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर में शिक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। शिक्षा को नवाचार, तकनीक, कौशल और संस्कारों से जोड़कर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश के शिक्षकों के स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन भारतीय शिक्षा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का प्रेरणास्रोत है। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व आज भी शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और जीवन-मूल्यों से समृद्ध कर उन्हें सही दिशा प्रदान करते हैं। राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

