शिक्षकों के वार्षिक स्थानांतरण का होमवर्क करे विभागः रावत

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षकों के वार्षिक स्थानांतरण का होमवर्क करे विभागः रावत


देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत शिक्षकों के वार्षिक स्थानांतरण हर हाल में सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि विद्यालयों के कोटीकरण से संबंधित प्रकरणों पर उच्च न्यायालय में दायर याचिका में तथ्यों के साथ प्रभावी एवं ठोस पैरवी की जाये। आवश्यकता पड़ने पर विशेष अपील दायर करने पर भी विचार किया जायेगा, ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो सके। शिक्षा मंत्री ने बताया कि वार्षिक स्थानांतरण और पदोन्नति शिक्षकों का मौलिक अधिकार है तथा राज्य सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्थानांतरण प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये, जिससे पात्र शिक्षक समय पर आवेदन कर पारदर्शी व्यवस्था के तहत लाभ प्राप्त कर सकें।

मंत्री ने बताया कि वित्त एवं कार्मिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में स्थानांतरण और पदोन्नति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अनुरोध श्रेणी के स्थानांतरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने शिक्षकों के पदोन्नति प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन और विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं,ताकि शिक्षकों को शीघ्र पदोन्नति का लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story