पार्किंग के नीचे मिला टैक्सी चालक का शव
नैनीताल, 13 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में गुरुवार सुबह हल्द्वानी रोड स्थित पार्किंग के नीचे बलियानाले की ओर करीब 50 फीट की गहराई में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय मनोज जैन,निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया है कि मनोज जैन कई वर्षों से नैनीताल में रहकर टैक्सी चलाते थे और पार्किंग परिसर में स्थित टैक्सी स्टैंड के कार्यालय में रहते थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका है कि बुधवार रात किसी समय वह पार्किंग से करीब 50 फीट नीचे गिर गए होंगे।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

