कुंभ से पहले हरिद्वार में खत्म होगा तारों का जंजाल, 15 दिन में झूलते तार होंगे व्यवस्थित

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ से पहले हरिद्वार में खत्म होगा तारों का जंजाल, 15 दिन में झूलते तार होंगे व्यवस्थित


हरिद्वार, 22 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेले से पहले हरिद्वार शहर को झूलते और अव्यवस्थित तारों के जंजाल से मुक्त करने की कवायद शुरू हो गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बिजली, टीवी केबल और इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों को 15 दिन के भीतर शहर में झूलते एवं अव्यवस्थित तारों को सुरक्षित और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी कुंभ मेला और विभिन्न स्नान पर्वों को देखते हुए हरिद्वार को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों और सेवा प्रदाता कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में भूमिगत विद्युत लाइनें बिछाई जा चुकी हैं, वहां अनावश्यक और पुराने तारों को हटाया जाए। वर्तमान में उपयोग हो रहे तारों की बंचिंग कर उन्हें व्यवस्थित किया जाए। वहीं अवैध और अनुपयोगी पुराने तारों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि अगले दो से तीन माह में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी केबल क्लटर और तारों के जंजाल को व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों और गलियों में लटकते तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इसके साथ ही ये शहर की सुंदरता और स्वच्छता को भी प्रभावित करते हैं।

बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता दीपक सैनी समेत विद्युत विभाग, नगर निगम, टीवी केबल और इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story