तमक नाले में लापता बीआरओ चालक की तलाश जारी, मलबे-बोल्डरों को हटाकर खंगाला जा रहा क्षेत्र

WhatsApp Channel Join Now
तमक नाले में लापता बीआरओ चालक की तलाश जारी, मलबे-बोल्डरों को हटाकर खंगाला जा रहा क्षेत्र


चमोली, 16 अगस्त (हि. स.)। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज बहाव और मलबे की चपेट में आए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के चालक पंकज रुधौला की तलाश में रविवार को युद्धस्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रहा।

जिला प्रशासन के निर्देशन में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें मौके पर तैनात हैं। नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं, किनारों और अन्य संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की जा रही है।

अभियान में दो 20 टन क्षमता के एक्सकेवेटर और एक सात टन एक्सकेवेटर के साथ गढ़वाल राइफल्स के 25 से अधिक और बीआरओ की 123 इकाई के 20 से अधिक जवान जुटे हैं। दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तलाश में लगी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए भी संभावित स्थानों की निगरानी की जा रही है।

रेस्क्यू टीमों द्वारा भारी बोल्डरों और मलबे को एक्सकेवेटर से हटाकर उसके नीचे और आसपास की बारीकी से जांच की जा रही है। नाले के हर संभावित स्थान को खंगाला जा रहा है। जिला प्रशासन पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है और टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लापता चालक की तलाश में अभियान लगातार जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story