कालागढ़ में विकास कार्यों पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 13 अगस्त (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने गुरुवार को कालागढ़ भ्रमण के दौरान वन विभाग विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कालागढ़ क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में वन विभाग, सिंचाई विभाग, कॉर्बेट नेशनल पार्क तथा उत्तराखंड जल विद्युत निगम से जुड़े अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित योजनाओं और कार्यों की जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। कालागढ़ क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती चुनौतियों को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। वन क्षेत्र से सटे आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था, वन्यजीवों से संबंधित समस्याओं तथा स्थानीय लोगों की परेशानियों पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। विधानसभा अध्यक्ष ने संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं मजबूत करने और लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सिंचाई व्यवस्था और जल विद्युत परियोजनाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ स्थानीय लोगों की सुविधाओं और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कालागढ़ क्षेत्र के विकास और क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान को लेकर विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, उप निदेशक जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क रामनगर, प्रभारी वनाधिकारी कालागढ़ पौड़ी गढ़वाल, फील्ड डायरेक्टर कॉर्बेट नेशनल पार्क रामनगर, अधीक्षण अभियंता रामगंगा बांध मंडल (उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग) कालागढ़, उप महाप्रबंधक उत्तराखंड जल विद्युत निगम कालागढ़ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story