स्यानाचट्टी में सोमवार से शुरू होगा नए वैली ब्रिज पर यातायात

WhatsApp Channel Join Now
स्यानाचट्टी में सोमवार से शुरू होगा नए वैली ब्रिज पर यातायात


स्यानाचट्टी में सोमवार से शुरू होगा नए वैली ब्रिज पर यातायात


उत्तरकाशी, 09 जुलाई (हि.स.)। पिछले वर्ष की आपदा में यमुना नदी पर बना मोटर पुल ध्वस्त होने के बाद लंबे समय तक बाधित रहे यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर राहत मिलने जा रही है। मौसम अनुकूल रहने पर स्यानाचट्टी में करीब 1.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 45 मीटर स्पान का नया वैली ब्रिज सोमवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।

गत वर्ष भारी वर्षा के दौरान यमुना नदी का प्रवाह अवरुद्ध होने से स्यानाचट्टी में अस्थायी झील बन गई थी। इसके कारण कस्बे के साथ ही यमुनोत्री हाईवे पर बना मोटर पुल भी झील में समा गया था, जिससे यमुनोत्री धाम का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया था। इस आपदा से हजारों तीर्थयात्री, स्थानीय निवासी और व्यापारी प्रभावित हुए थे तथा लंबे समय तक यातायात वैकल्पिक व्यवस्थाओं के सहारे संचालित किया गया।

आपदा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पुराने पुल के समानांतर नया वैली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया। करीब 1.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 45 मीटर स्पान का यह पुल अब अंतिम चरण में है। पुल पर अधिकांश तकनीकी कार्य पूरे हो चुके हैं और अंतिम परीक्षण के बाद इसे यातायात के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है।

राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि वैली ब्रिज का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। यदि मौसम ने व्यवधान नहीं डाला तो सोमवार तक पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुल शुरू होने से यमुनोत्री धाम जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा मार्ग पर यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगा।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story