स्वाधीनता सेनानियों की गूंज अमरकंटक तक शहीद परिवार सम्मेलन में हुआ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
स्वाधीनता सेनानियों की गूंज अमरकंटक तक शहीद परिवार सम्मेलन में हुआ सम्मान


हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। देवभूमि हरिद्वार के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का यशगान मध्यप्रदेश के अमरकंटक में हुआ। श्रीयंत्र महामेरु शक्तिपीठ में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में आयोजित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें देशभर से आए सेनानी परिवारों को सम्मानित किया गया।

26 अक्टूबर को आयोजित सम्मेलन में समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी (हरिद्वार) ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी परिवार अपनी गरिमा को पहचानें। उन्हें जो सम्मान मिल रहा है, वह उनके पूर्वजों के कर्तृत्व के कारण है। उन्होंने जानकारी दी कि 18 अक्टूबर को जिला प्रशासन हरिद्वार के निर्देश पर एचआरडीए द्वारा ज्वालापुर जटवाड़ा पुल के निकट शहीद जगदीश वत्स पार्क में अशोक स्तम्भ के साथ 529 सेनानियों के नामों से सुसज्जित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण और 'स्वाधीनता के पथिक - हरिद्वार के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी' पुस्तक का विमोचन किया गया है। इसके लिए उन्होंने उत्तराखंड सरकार व जिला प्रशासन का आभार जताया।

शक्तिपीठ के महंत स्वामी शरद पुरी महाराज ने कहा कि उनके गुरु स्वामी हरिहरानंद भी महान स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने वाराणसी में बावड़ी के अंदर सुरंग में प्रेस लगाकर क्रांतिकारियों के निर्देश पत्र छापे और पं. मदन मोहन मालवीय के साथ जेल में रहे। भारत माता को मुक्त कराने वाले सेनानियों के वंशजों का सम्मान राष्ट्रभक्ति का सम्मान है।

सम्मेलन में डॉ. दीपा दास, डॉ. उषा वाजपेयी, चंद्र प्रकाश वाजपेयी, आदित्य प्रताप सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम से हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767860 Articles

Share this story