हरकी पैड़ी पर गंगा में घूमता नजर आया बारासिंघा,वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
हरकी पैड़ी पर गंगा में घूमता नजर आया बारासिंघा,वीडियो वायरल


- जटवाड़ा पुल से होते हुए हरकी पैड़ी पहुंचा वन्यजीव

- श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में मचा कौतूहल

हरिद्वार, 11 नवंबर (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार रात जंगल से भटककर आया एक बारासिंघा गंगा में घूमता नजर आया। ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल से लेकर हरकी पैड़ी तक उसकी मौजूदगी से लोगों में कौतूहल बना रहा। बुधवार को गंगा में घूमते बारासिंघा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार देर शाम जटवाड़ा पुल के पास सड़क किनारे लोगों ने बड़े सींगों वाले बारासिंघा को देखा। कुछ देर सड़क पर घूमने के बाद वह नहर की पटरी से हरिद्वार की ओर बढ़ गया। रात में वह हरकी पैड़ी पहुंचा और गंगा में उतर गया। पुल के नीचे कम पानी में वह काफी देर तक घूमता रहा। उसे गंगा में देखकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने रेलिंग से उसके फोटो और वीडियो बनाए।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बारासिंघा गंगा के बीच एक पत्थर पर खड़ा दिखाई दे रहा है। पीछे रोशनी से जगमगाता हरकी पैड़ी का पुल भी नजर आ रहा है। बुधवार को फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप समूहों में यह वीडियो खूब साझा किया गया।

वन विभाग के जानकारों के अनुसार, बारिश और गंगा बंदी के कारण जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ जाती है। संभवतः चारे और पानी की तलाश में भटककर बारासिंघा आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775466 Articles

Share this story