मनसा देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान के तीसरे दिन डेढ़ टन सूखा कचरा हटाया

WhatsApp Channel Join Now
मनसा देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान के तीसरे दिन डेढ़ टन सूखा कचरा हटाया


हरिद्वार, 15 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार अभियान के तहत मनसा देवी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का तीसरा दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के दौरान मंदिर परिसर, पैदल मार्ग और आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया तथा लगभग 1.5 टन सूखे कचरे का संग्रहण कर उसका नियमानुसार निस्तारण कराया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि अभियान में हरिद्वार रेंज, राजाजी टाइगर रिजर्व के 10 कर्मचारी, मनसा देवी मंदिर समिति के 5 सफाई कर्मी तथा उषा ब्रेका कंपनी लिमिटेड के 20 कर्मचारियों ने भाग लिया। टीमों ने पैदल मार्ग, सीढ़ी मार्ग और वन क्षेत्र में फैले प्लास्टिक, पॉलीथीन एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर साफ-सफाई की।

इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर डालने के लिए जागरूक भी किया गया।

स्वच्छता अभियान के साथ हरित हरिद्वार अभियान के अंतर्गत साफ किए गए क्षेत्रों में औषधीय एवं छायादार पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे क्षेत्र को अधिक हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके। एकत्रित करीब 1.5 टन सूखे कचरे का निस्तारण नगर निगम हरिद्वार की कूड़ा गाड़ी के माध्यम से कराया गया।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आमजन से हरिद्वार की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने तथा धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story