अमरापुर घाट पर चला स्वच्छता अभियान, दो टन कचरा एकत्रित

WhatsApp Channel Join Now
अमरापुर घाट पर चला स्वच्छता अभियान, दो टन कचरा एकत्रित


हरिद्वार, 04 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में विशेष स्वच्छता महाअभियान बुधवार को 15वें दिन भी जारी रहा। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अमरपुर घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में करीब दो टन कचरा एकत्रित किया गया।

सफाई अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम, आपदा प्रबंधन टीम, एसबीएमए, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स, आदर्श युवा समिति, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल और एसएमजेएन कॉलेज के छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न संस्थाओं ने प्रतिभाग किया।

अभियान के दौरान घाट और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद ली गई। एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों और पर्यावरण मित्रों ने भी स्वच्छता का संदेश दिया।

जिला प्रशासन ने आमजन और सामाजिक संगठनों से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की। साथ ही गंगा घाटों पर कूड़ा न फैलाने और कपड़ों सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story