कुंभ की तैयारियों के बीच हरिद्वार में 12वें दिन भी चला स्वच्छता महाअभियान

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ की तैयारियों के बीच हरिद्वार में 12वें दिन भी चला स्वच्छता महाअभियान


हरिद्वार, 01 नवंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए संचालित विशेष स्वच्छता महा अभियान रविवार को 12वें दिन भी जारी रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विभिन्न घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया।

रविवार को सुभाष घाट, परशुराम घाट, डामकोठी और हरकी पैड़ी समेत विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें नगर निगम, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति, भारतीय योग संस्थान, परशुराम अखाड़ा, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और सेतु फाउंडेशन सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों एवं कार्मिकों ने भाग लिया।

अभियान के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों से टनों कूड़ा एवं अपशिष्ट एकत्र किया गया। सफाई कार्य में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भी मदद ली गई। एकत्रित कूड़े को उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा जा रहा है। अभियान में स्वयंसेवी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, संत समाज, औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का भी सहयोग मिल रहा है।

जिला प्रशासन की ओर से कुंभ मेला-2027 से पहले गंगा घाटों, मंदिर परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के जरिए सफाई व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

प्रशासन ने आमजन और सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है। साथ ही गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने और कपड़ों सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराने का आग्रह किया है, ताकि उसका उचित निस्तारण किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770686 Articles

Share this story